रविवार, 6 फ़रवरी 2011

उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री का क्‍लासिकल दौरा ।

हमारे भारत में राजे-महाराजे अपने क्‍लासिकल अंदाज के लिये प्रसिद्ध रहे हैं।नबाब वाजिद अली साहब के बारे में एक कहावत बडी चर्चित है कि वे अग्रेजों के हमले के समय इस कारण नहीं भाग सके क्‍योंकि उनको पैरों में जूते पहनाने के लिये कोई नौकर नहीं था।इसी कारण अंग्रेजों ने उन्‍हें बंदी बना लिया।उत्‍तर प्रदेश की मुख्‍यमंत्री ने भी विकास की दशा देखने के लिये जो अंदाज अपनाया है,वह भी कुछ-कुछ क्‍लासिकल ही ज्‍यादा है।विकास कितना हो रहा है,इसका जबाब उनके इर्द-गिर्द वर्दी वाले व टाई-सूट वाले उनके मातहतों के पास है,न कि आम जनता के पास। उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री मायावती इन दिनों जिलों के दौरे कर रही हैं।निश्चित रूप से कागजों तक विकास सीमित न रहे,इस लिये ऐसे दौरे महत्‍वपूर्ण हैं।बजट सत्र के शुरू होने के पहले जिलों के औचक निरीक्षण का खास मायने भी है।जनता का विश्‍वास कायम रखने व आने वाले चुनाव में अपनी जबाबदेही सुनिश्चित करने के लिये मुख्‍यमंत्री के तेवर जो होने चाहिये थे,वो नहीं दिखायी दे रहें हैं।विकास के प्रति अंसतोष रखने वाला आम आदमी मायावती के उसी तेज तरार्र स्‍टाइल की अपेक्षा कर रहा था,जो उन्‍होंने विगत समय में स्‍वंय स्‍थापित किया था।
मेरी नजर में उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री का इस बार का प्रदेशव्‍यापी दौरा क्‍लासीकल ज्‍यादा दिखायी दे रहा है।जिलों के अधिकारियों द्धारा दी जाने वाली सूचना की जॉंच करनी है,तो सही तरीका तो यह होता कि आम आदमी से बात की जाती,लेकिन हो रहा है ठीक इसके उल्‍टा।मुख्‍यमंत्री का उडनखटोला जैसे ही उतरता है,जल्‍दी से उतरने के लिये पायदान लाना,गार्ड आफ ऑनर देना व आम जनता को धक्‍के मारकर एक तरफ कर देना राजसी अंदाज का क्‍लासिकल तरीका है,जो इग्‍लैंड की महारानी के स्‍वागत की तरह है या नबाबी अदब की तरह है।सुरक्षा के तीन चक्र इतने सख्‍त हैं कि कोई परिंदा भी पर न मार सके।कंमाडो की सुरक्षा में कई जगह तो डी,एम, व अन्‍य बडे अधिकारियों को भी अपमानित होना पडा।नबंर वन की होड में श‍मिल कुछ पेपर व इलेक्‍ट्रानिक खबरों के कुछ पत्रकारों को ही मिलने के पास दिये जाते हैं ताकि ज्‍यादा सवाल जबाब से बहन जी का माथा न ठनक जाय नहीं तो जिला सूचना अधिकारी व प्रशासन की खैर नहीं।
इसे क्‍लासिकल कहना इसलिये भी जायज लगता है कि उनके दौरे केवल अंबेडकर गॉव में ही हो रहे हैं।हर जिले में अंबेडकर गॉव लगभग तीस या पैंतीस हैं,जो सन् 1995-1996 में भी विकास के लिये चुने गये थे।अंबेडकर गॉंव से बाहर के गॉंवों का हश्र देखकर आप कह सकते हैं कि ये गॉंव इस प्रदेश के हिस्‍से नहीं हैं क्‍या।सडक व सम्‍पर्क मार्गो का हाल इतना बुरा कि आप पैदल भी न निकल पायें।जैसे-जैसे जिले के दौरे की तारीख पास आती है,पूरे जिले का विकास एक गॉंव तक सीमित हो जाता है,जहॉं मुख्‍यमंत्री को जाना रहता है।सामान्‍यतया एक दो दिन पहले उस गॉंव का नाम बता दिया जाता है,जहॉं मुख्‍यमंत्री के चरण रज पडनी रहती है।फिर पूरी सरकारी फौज गॉंव को चमकाने में लग जाती हैं।क्‍या पहले से तयशुदा किसी गॉंव में जाकर विकास कामों का हाल जानना शास्‍त्रीय या क्‍लासिकल कदम नहीं है।हाल जानना है तो अचानक किसी गॉव में पहुंचिये,वो चाहे अंबेडकर गॉव हो सामान्‍य गॉव।कुछ समय गॉव वालों के साथ बिताकर उनका दुख दर्द जानने की कोशिश करना तो लोकतात्रिक सरकार की मुखिया को शोभा देता व लोंगों को भी लगता कि उनका अपना मुख्‍यमंत्री उनका हाल जानने उनके बीच आया।लेकिन अब तरह तरह के माफियागिरी से त्रस्‍त उत्‍तर प्रदेश इस लायक नहीं रह गया है कि कोई मुख्‍यमंत्री बेखौफ होकर जनता के दुखदर्द सुन पायेगा।मायावती तो आम जनता के बीच अपने शास्‍त्रीय रूतबे को लेकर जा भी रहीं हैं,मुलायम सिंह,राजनाथ सिंह आदि कोई अन्‍य नेता तो इतनी भी हिम्‍मत नहीं कर पाते।अन्‍य दलों के मुख्‍यमंत्री तो फील्‍ड में जाकर एक कदम आगे यूनानी क्‍लासिकल तरीके अपनाते हैं।फूल मालायें पहनना,दरबारियों के कार्यक्रमों में सिरकत करना,डिनर पार्टी में शामिल होना उनका खास अंदाज रहा है।नौकरशाहों से पंगा लेने की हिम्‍मत अन्‍य दल के नेताओं में कभी नहीं रही।यह हिम्‍मत दिखाने की कोशिश मायावती ने ही थी।।मायावती के इस बार के बुझे हुये तेवर इस बात के स्‍पष्‍ट संकेत हैं कि चुनाव के लिये अधिकारियों को भी विश्‍वास में रखना जरूरी है।विकास हो या न हो अपने लोगों को रूष्‍ट करना समझदारी नहीं है।विरोधियों के हमले के समय छतरी व पायदान लेने वाले तो साथ बने रहें।

मंगलवार, 1 फ़रवरी 2011

अंधे लोंगों का औंधा विकास

महाभारत में दुर्योधन को अंधे का अंधा पुत्र कह दिया गया था,कहा जाता है कि द्रोपदी से इसी कारण दुर्योधन वैमनस्‍य मानता था।जो भी हो,पूरा देश जिस विकास के रास्‍ते पर चल रहा है,ऐसा लग रहा है कि यह अंधें लोंगों का औंधा विकास है।इस समय नैतिकता की रटी हुयी उपदेशात्‍मक विश्‍लेषण की कोई जरूरत नहीं है,और न ही आदर्श मूल्‍यों के नाम पर विकास के रास्‍तों पर ब्रेकर लगाने का कोई इरादा।ब्रज भाषा में औंधे का अर्थ है ऑंख बंदकर उल्‍टा काम करना।इस प्रकार यह अंधेपन से भी एक कदम आगे की जाने वाली मूर्खता है।ग्रामीण विकास के मामले में पूरा सिस्‍टम इसी औंधेपन में उलझा हुआ है।सामाजिक सुरक्षा की योजनायें,इंदिरा आवास स्‍कीम,स्‍वच्‍छ शौचालय की ग्रामीण स्‍वच्‍छता कार्यक्रम की योजना,पेयजल कार्यक्रम,भूमि सुधार कार्यक्रम,मनरेगा,सर्व शिक्षा अभियान,मिड-डे-मील आदि ऐसी अनगिनित योजनायें हैं,जिसमें करोंडों रूपये सालाना खर्च कर दिये जा रहें हैं।लेकिन इसके रिजल्‍ट अच्‍छे नहीं निकल रहे हैं।उल्‍टे एक बार शुरू की गयी योजना के अनुश्रवण व समीक्षा पर योजना से ज्‍यादा खर्च हो रहा है।यदि बहुत करीब से इन योजनाओ व इनसे लाभान्वित होने वाले लोंगो की दशा देखें तो इन योजनाओं का खोखलापन साफ दिख जाता है।क्‍या यह सही है कि एक बार गॉंव में सीमेंटिड सडक व नाली बना देने के बाद हर घर के आगे से सरकारी सफाई कर्मी गंदगी साफ करे,लेकिन ऐसा हो रहा है।मनरेगा का खास मकसद यह है कि लोगों को अपने गॉंव में काम मिल जाय,और उनके अपने प्रयास से ग्रामीण परिसम्‍पत्तियों का स्रजन भी हो जाय।लेकिन हो रहा है इसके ठीक उलट।पैसे के बंटवारे को लेकर ही हिसाब किताब लगाया जाता रहता है।परिसम्‍पत्तियों के निमार्ण पर बहुत कम ध्‍यान दिया जा रहा है। बजट के खर्च करने पर पूरा ध्‍यान केंन्द्रित है।मजाक में गॉव वासी कहते हैं,कि अब हमारे एक बार फावडा चलाने की कीमत सौ रूपये है।सही मायने में किसान को या गरीब को मेहनताने की कीमत मिलनी ही चाहिये।लेकिन इससे गॉंव में सबसे बडी दिक्‍कत मजदूर मिलने मे आने लगी है।अब गॉंव में आसानी से मजदूर नहीं मिलते,क्‍योंकि किसान अपने खेत कराने के लिये पूरा दिन मेहनत करायेगा,तब जाकर सवासौ या ढेड सौ रूपये देगा।वो रूपये के एवज में पूरी मेहनत करायेगा,लेकिन गॉंव का प्रधान थोडी सी मेहनत व जुगत से सवासौ रूपये थमा देगा।इस तरह मनरेगा ने पूरी तरह मजदूरी की परेशानी व किसानी का संकट खडा कर दिया है।
अब बात करें सर्व शिक्षा अभियान के मिड-डे-मील कार्यक्रम की,तो हम सब जानते हैं कि बच्‍चों को उपलब्‍ध कराये जाने वाला वास्‍तव में मील है क्‍या।ज्‍यादातर बच्‍चे स्‍कूल में नाम बजीफे के लिये लिखा देते हैं।स्‍कूल का टीचर भी नहीं चाहता कि उसे कोई सिरदर्द हो।इसलिये आप कभी भी किसी भी ग्रामीण स्‍कूल में जांयेगें तो रजिस्‍टर से तादाद बहुत कम दिखती है।
खैर ज्‍यादा सिर क्‍यों खपाया जाय,अच्‍छा हो कि विकास के सही मायने समझे जायें।रूपये खर्च करना विकास का एकमात्र मानक नहीं है।इस तरह लोग मुफतखोर बन रहे हैं,लोग इसमें विश्‍वास करने लगें हैं कि सरकारी धन किसी भी तरह लपक लिया जाय।सरकारे रूपये खर्च करके कत्‍वर्य की इति श्री कर लेना चाहती है।ऐसा विकास औंधा विकास है,जो लोगों को उसी डाल को काटने के लिये विवश कर रहा है,जिस डाल पर उसका बसेरा है।